बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश सोनवानी (34 वर्ष) और गोपी किशन आडिल (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों युवक सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी थे और पलारी क्षेत्र के संडी स्थित शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।
घटना ग्राम घोटिया के पास हुई, जहां कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।