रायपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि आदिवासी समाज का सशक्त नेतृत्व, शिक्षा और सामाजिक एकजुटता नए छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संगठन और संस्कार किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं।
मंत्री श्री केदार कश्यप मंगलवार को रायपुर के महादेव घाट में आयोजित छत्तीसगढ़ कंडरा आदिवासी समाज के सामाजिक भवन लोकार्पण, सम्मान समारोह एवं वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया और शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं लोगों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि आज आदिवासी समाज के युवा डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी, उद्यमी और जनप्रतिनिधि बनकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह विकसित होते छत्तीसगढ़ की सकारात्मक तस्वीर है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि समाज की एकता, संवाद, संस्कार और नई पीढ़ी के मार्गदर्शन का केंद्र बनेगा। यहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सांस्कृतिक गतिविधियों और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। शिक्षा, छात्रवृत्ति, कौशल विकास, वनाधिकार, स्वरोजगार और लघु वनोपज से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से समाज को मजबूत आधार मिल रहा है।
उन्होंने समाज के युवाओं से उच्च शिक्षा, डिजिटल तकनीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही वरिष्ठजनों से अपनी संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ आदिवासी परंपरा औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष श्री विकास मरकाम, अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री नंदकुमार साय, कंडरा आदिवासी समाज के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र कुंजाम सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।