धमतरी । रायपुर के नकटी गांव के बाद अब धमतरी जिले के कोलियारी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद सामने आया है। 50 से अधिक मकानों को खाली करने के नोटिस के बाद मंगलवार को ग्रामीणों और राजस्व विभाग की टीम के बीच जमकर बहस हुई। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई।
जानकारी के अनुसार राजस्व विभाग द्वारा कोलियारी गांव में अतिक्रमण कर बनाए गए मकानों को खाली करने का नोटिस जारी किया गया था। नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने राजस्व टीम को घेर लिया और अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की यह कार्रवाई गलत है। उनका कहना है कि एक निजी संस्थान को जमीन उपलब्ध कराने के लिए लोगों को उनके घरों से हटाने का दबाव बनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने इसे लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि धमतरी में भी नकटी गांव जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है।
वहीं राजस्व विभाग का कहना है कि संबंधित भूमि पर 50 से अधिक मकान अतिक्रमण कर बनाए गए हैं। नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्व अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमित भूमि को खाली करने की प्रक्रिया नियमों के अनुसार की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन करेंगे।
फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।