रायपुर। छत्तीसगढ़ में धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने बड़ा बयान दिया है। विपक्ष द्वारा नए कानून के लागू नहीं होने और पुराने एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज किए जाने के आरोपों पर मंत्री ने कहा कि यदि इस संबंध में कोई शिकायत सामने आती है तो प्रशासन उसे गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करेगा।
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर कांग्रेस की चिंता करना अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि विधेयक जल्द लागू होगा और इसके लिए प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कभी राम मंदिर का नाम तक नहीं लेते थे, वे भी अब मंदिर जाने लगे हैं। समय के साथ उनका बदला हुआ चेहरा दिखाई दे रहा है और इसी बदलाव के कारण इस तरह के बयान सामने आ रहे हैं।
गौरतलब है कि धर्म स्वातंत्र्य विधेयक को लेकर प्रदेश में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। सरकार और विपक्ष दोनों ही इस मुद्दे पर अपनी-अपनी दलीलें दे रहे हैं।