रायपुर में पवन खेड़ा का केंद्र सरकार पर हमला, पीएम मोदी को लेकर की तीखी टिप्पणी

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने रायपुर में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, भाजपा और आरएसएस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कई गंभीर आरोप लगाए और विदेश नीति, महंगाई तथा बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।

पवन खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे आखिर किससे नहीं डरते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि देश को एक सूची दी जानी चाहिए कि पीएम किन-किन देशों या परिस्थितियों से नहीं डरते।

उन्होंने केंद्र सरकार पर विदेश नीति को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि चीन के मुद्दे पर सरकार की स्थिति कमजोर दिख रही है। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) को लेकर चीन के समर्थन का हवाला देते हुए सरकार पर असफलता का आरोप लगाया।

कांग्रेस प्रवक्ता ने सरकार पर जानबूझकर विवाद खड़ा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि असल मुद्दों—महंगाई, बेरोजगारी, स्मार्ट मीटर, रेत माफिया और छात्रों की समस्याओं—से ध्यान भटकाया जा रहा है।

उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि धार्मिक मुद्दों का उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए और समानता की मांग की।

पवन खेड़ा ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और प्रधानमंत्री के विदेश दौरों पर भी सवाल उठाए और कहा कि इनसे देश को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।

प्रेसवार्ता के अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस “छात्रों की गूंज” अभियान के जरिए युवाओं और छात्रों के मुद्दों को देशभर में उठाएगी और जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *