रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोनपैरी स्थित असंग देव कबीर आश्रम में आयोजित कबीर जयंती महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर कबीर साहब का विशेष आशीर्वाद रहा है। प्रदेश में कबीरपंथ के अनुयायियों की बड़ी संख्या है। उन्होंने कहा कि उनके जीवन और वाणी पर कबीर साहब के विचारों का गहरा प्रभाव रहा है।
मुख्यमंत्री ने कबीरदास जी की निडरता और समाज सुधार के संदेशों को याद करते हुए कहा कि कबीर के विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व की सरकार के समय कवर्धा का नाम बदलकर कबीरधाम रखा गया था।
इस दौरान मुख्यमंत्री और राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने आश्रम परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
CM साय ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि 27 लाख लोगों को आवास योजना का फायदा मिला है और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ सरकार को सफलता मिली है और आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विशेष अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को भी आवास सुविधा दी गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार ‘विकास और विरासत’ के संकल्प के साथ काम कर रही है। मठ-मंदिरों के विकास, गरीबों को आवास, महिलाओं को महतारी वंदन योजना और रामलला अयोध्या दर्शन योजना जैसी पहलों पर भी जोर दिया जा रहा है।