तिनसुकिया (असम)। असम के तिनसुकिया जिले में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को जगुन क्षेत्र में छापेमारी कर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन ULFA(I) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सियोर असोम उर्फ हुमेनज्योति बरुआ (27) और मनोज असोम उर्फ पापू मोरन (30) के रूप में हुई है। दोनों पर तिनसुकिया शहर में आम नागरिकों को निशाना बनाकर दहशत फैलाने की साजिश रचने का आरोप है।
भारी हथियारों का जखीरा बरामद
सुरक्षाबलों ने आरोपियों के पास से दो AK-56 राइफलें, 172 जिंदा कारतूस, दो हैंड ग्रेनेड और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की है। इसके अलावा जंगल में लंबे समय तक रहने के लिए जरूरी सामान और दवाइयां भी मिली हैं।
बड़े हमले की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों उग्रवादी तिनसुकिया शहर में आम लोगों पर हमला कर दहशत फैलाने की योजना में थे। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इस साजिश के पीछे किसी बड़े नेटवर्क या बाहरी समर्थन की भूमिका हो सकती है।
जांच तेज
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।