गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनन पर शिकंजा: 3 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर जब्त, CM हेल्पलाइन की शिकायत पर कार्रवाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सख्ती का असर अब जिलों में भी दिखाई देने लगा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 जेसीबी मशीन और 3 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में खनिज संपदा की लूट और अवैध उत्खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शिकायत के बाद तत्काल एक्शन

जानकारी के अनुसार, देवराजपारा-सधवानी और बंधी-बचरवार क्षेत्र में मुरूम और मिट्टी के अवैध उत्खनन की शिकायत मिली थी। वहीं सिलपहरी क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन की सूचना पर खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान:

  • देवराजपारा-सधवानी क्षेत्र से 2 जेसीबी जब्त की गईं
  • बंधी-बचरवार क्षेत्र से 1 जेसीबी जब्त की गई
  • सिलपहरी क्षेत्र से रेत परिवहन कर रहे 3 ट्रैक्टर पकड़े गए

सभी वाहनों को सुरक्षित रूप से पुलिस लाइन अमरपुर में रखा गया है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मिली शिकायत पर कार्रवाई

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 और कलेक्टर के समक्ष अवैध खनन की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने खनिज विभाग को जांच के निर्देश दिए थे।

अवैध खनन पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जाए और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

खनिज विभाग के अनुसार जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार अर्थदंड और अन्य प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वाहन छोड़े जाएंगे।

प्रशासन ने दोहराया है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *