कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में बीच सड़क पर यात्री बस को रोककर चालक के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में आक्रोश और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बस रोककर किया हंगामा
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पंडरिया–मुंगेली मार्ग पर हिसार पेट्रोल पंप के पास हुई। मुंगेली से पंडरिया जा रही एक यात्री बस को तीन युवकों ने बीच सड़क पर रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने बस चालक के साथ गाली-गलौज की, अभद्र व्यवहार किया और उसे जान से मारने की धमकी दी। वीडियो में आरोपी युवक बेल्ट लहराते हुए चालक को डराते-धमकाते नजर आ रहे हैं।
यात्रियों में दहशत का माहौल
बस में उस समय महिला, बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सहित कई यात्री सवार थे। अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में भय का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने काफी देर तक बस को रोके रखा और हंगामा करते रहे।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लोगों में नाराजगी
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग नाराजगी जता रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन को बीच सड़क पर रोककर इस तरह की गुंडागर्दी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
पुलिस कार्रवाई का इंतजार
बताया जा रहा है कि आरोपियों की पहचान स्थानीय स्तर पर ग्राम रेहुटा या आसपास के क्षेत्र के युवकों के रूप में की जा रही है। हालांकि, मामले में अभी तक पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस की प्रतिक्रिया और कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।