छत्तीसगढ़ में रोजगार की नई उड़ान, टेक्सटाइल पार्क से बनेंगे 11 हजार से ज्यादा अवसर

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विजन के अनुरूप नवा रायपुर में विकसित किया जा रहा टेक्सटाइल पार्क छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख टेक्सटाइल और गारमेंट निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस पार्क से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर तैयार होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर का टेक्सटाइल पार्क प्रदेश के युवाओं, विशेषकर महिलाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने का मजबूत आधार बनेगा। राज्य सरकार निवेशकों को आधुनिक अधोसंरचना और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

टेक्सटाइल पार्क में पहली गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की शुरुआत होने जा रही है। तमिलनाडु की स्विफ्ट टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड 235 करोड़ रुपये के निवेश से अपनी यूनिट स्थापित करेगी। इस यूनिट से करीब 4600 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। कंपनी यहां बच्चों के कपड़े (किड्सवियर), निट गारमेंट्स और निर्यात आधारित उत्पादों का निर्माण करेगी।

81 एकड़ में विकसित हो रहा आधुनिक टेक्सटाइल पार्क

नवा रायपुर में 81 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक टेक्सटाइल पार्क तैयार किया जा रहा है। यहां टेक्सटाइल, गारमेंट, तकनीकी वस्त्र और सहायक उद्योगों के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

स्विफ्ट टेक्सटाइल्स के अलावा पुनीत क्रिएशन्स और दृष्टि डिजाइन्स एलएलपी को भी भूमि आवंटित की जा चुकी है। इन तीनों इकाइयों से करीब 445 करोड़ रुपये का निवेश और 11 हजार से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

निवेशकों के लिए तैयार हो रहा बेहतर औद्योगिक माहौल

टेक्सटाइल पार्क में पक्की सड़कें, जल निकासी व्यवस्था, बिजली सब-स्टेशन, जल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, प्रशासनिक भवन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को टेक्सटाइल और रेडीमेड गारमेंट क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है। औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर को प्राथमिकता वाले क्षेत्र में शामिल किया गया है।

नई नीति के तहत रोजगार बढ़ाने के लिए महिला कर्मचारियों को 6 हजार रुपये और पुरुष कर्मचारियों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह रोजगार सहायता देने का प्रावधान भी किया गया है।

राज्य सरकार के अनुसार औद्योगिक नीति के प्रभाव से पिछले 18 महीनों में 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे करीब 1.6 लाख रोजगार अवसर बनने की संभावना है।

टेक्सटाइल पार्क के साथ छत्तीसगढ़ में आईटी, डेटा सेंटर, फार्मास्यूटिकल्स, सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रिकल-इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ रहा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *