नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बढ़ती आगजनी की घटनाओं को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस ने आपातकालीन व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग जल्द ही 26 नई क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल (QRV) तैनात करने जा रहा है। इन वाहनों की मदद से आग लगने की सूचना मिलने के शुरुआती मिनटों में ही घटनास्थल तक पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सकेगा।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों के अनुसार, शहर में रोजाना 200 से ज्यादा इमरजेंसी कॉल आ रही हैं। ऐसे में संकरी गलियों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और दूर स्थित क्षेत्रों में बड़ी दमकल गाड़ियों की पहुंच चुनौती बन जाती है। QRV इन जगहों पर तेजी से पहुंचकर आग पर शुरुआती नियंत्रण पाने में मदद करेंगी।
QRV की संख्या बढ़कर 50 होगी
फिलहाल दिल्ली फायर सर्विस के पास 24 क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल मौजूद हैं। 26 नई गाड़ियों के शामिल होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 50 हो जाएगी। नई QRV को उन इलाकों में तैनात किया जाएगा, जहां आग लगने की घटनाएं ज्यादा होती हैं या जहां दमकल वाहनों को पहुंचने में परेशानी होती है।
शुरुआती मिनटों में मिलेगी मदद
अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के बाद शुरुआती कुछ मिनट बेहद अहम होते हैं। QRV के जरिए फायरकर्मी बड़ी दमकल गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही आग को फैलने से रोकने का प्रयास कर सकेंगे।
इन वाहनों में करीब 100 लीटर पानी और 25 लीटर फोम की सुविधा होगी। साथ ही मोटर पंप, प्राथमिक उपचार सामग्री और जरूरी फायर फाइटिंग उपकरण भी उपलब्ध रहेंगे।
PCR के साथ होगी तैनाती
नई व्यवस्था के तहत कई जगहों पर QRV को दिल्ली पुलिस की PCR यूनिट के साथ तैनात किया जाएगा। इससे पुलिस और फायर टीम एक साथ मौके पर पहुंच सकेंगी और रिस्पॉन्स टाइम कम होगा।
हर QRV में तीन प्रशिक्षित फायरकर्मी तैनात रहेंगे, जो मौके पर पहुंचते ही बचाव अभियान शुरू कर सकेंगे। फायर विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से आग की घटनाओं में जान-माल के नुकसान को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी।