मुहर्रम को लेकर रायपुर में ट्रैफिक अलर्ट, ताजिया जुलूस के चलते कई मार्ग रहेंगे प्रभावित

रायपुर। मुहर्रम के अवसर पर राजधानी रायपुर में ताजिया जुलूस को लेकर प्रशासन ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 26 जून को शहर में निकलने वाले विभिन्न ताजिया जुलूसों के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बदली गई है। पुलिस ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे से शहर के राजातालाब, मोमीन पारा, अमीन पारा, छोटापारा, बैजनाथपारा, नेहरू नगर, संजय नगर और टिकरापारा सहित कई क्षेत्रों से ताजिया जुलूस शुरू होंगे। ये जुलूस रात 10 बजे चौबे कॉलोनी स्थित करबला तालाब में संपन्न होंगे।

मुख्य जुलूस मार्ग निर्धारित

ताजिया जुलूस नुरानी चौक से शुरू होकर चौबे कॉलोनी के करबला तालाब तक जाएगा। यह जुलूस ताजनगर, ईरानी डेरा, पंडरी बस स्टैंड, मरही माता चौक, मौदहापारा, गुरूनानक चौक, राठौर चौक, रामसागर पारा, मोमिन पारा, आजाद चौक और आमापारा होते हुए आगे बढ़ेगा।

यातायात में बदलाव और डायवर्जन

जीई रोड पर यातायात दबाव को देखते हुए कई वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। रायपुर से दुर्ग-भिलाई की ओर जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से महिला थाना चौक, कालीबाड़ी चौक और पचपेड़ी नाका होकर रिंग रोड-1 का उपयोग कर सकेंगे।

सिटी बसों के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। बसें अब शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक के बजाय कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड-1 मार्ग से संचालित होंगी।

टाटीबंध की ओर से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को रिंग रोड-1 और डंगनिया गोल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, पुरानी बस्ती, लाखेनगर और दुर्ग-भिलाई जाने वाले यात्री कालीबाड़ी चौक, संतोषी नगर जलगृह मार्ग और भाठागांव चौक का उपयोग कर सकेंगे।

प्रशासन की अपील

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शास्त्री चौक से चौबे कॉलोनी टर्निंग तक जीई रोड पर यात्रा करने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *