कराकस। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी है। बुधवार शाम करीब 45 सेकंड के अंतराल में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो बड़े झटकों ने देश को हिलाकर रख दिया।
भूकंप के कारण सैकड़ों इमारतें जमींदोज हो गईं और कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) ने इस भूकंप के बाद बड़े पैमाने पर जनहानि की आशंका जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत की संभावना जताई गई है, हालांकि वेनेजुएला सरकार ने अभी तक आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं।
राजधानी कराकस में भूकंप का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। कई इमारतों और घरों में दरारें आईं और कुछ ढह गए। कराकस एयरपोर्ट की छत का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
भूकंप के झटकों के बाद लोग डर के कारण घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। कई जगहों पर मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने पूरे देश में राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल पहुंचकर घायलों के इलाज में जुटने की अपील की।
USGS के मुताबिक यह वेनेजुएला में पिछले 126 सालों में आया सबसे बड़ा भूकंप बताया जा रहा है। इससे पहले साल 1900 में 7.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
फिलहाल सरकार और बचाव एजेंसियां नुकसान का आकलन कर रही हैं। प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी है।