नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। फ्लाईओवर से उतरते समय एक अनियंत्रित टूरिस्ट बस ने लाल बत्ती पर खड़े कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, नंद नगरी बस डिपो के पास मेन रोड पर यूपी नंबर की टूरिस्ट बस पहले एक टैक्सी से टकराई और इसके बाद तीन बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि एक बाइक बस के पहियों में फंस गई और बस उसे काफी दूर तक घसीटती चली गई।
हादसे में बाइक सवार विनीत (27) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रोहित और सूरज समेत तीन घायलों को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद बस चालक कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और भारी जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस, तीन बाइक और एक कैब को कब्जे में ले लिया है। मामले में केस दर्ज कर फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।