रायपुर की बेटी महिमा राजपूत बनाएगी सैटेलाइट, मिशन शक्तिसैट के लिए राष्ट्रीय फाइनलिस्ट चयनित

रायपुर।छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। रायपुर की छात्रा कु. महिमा राजपूत का चयन स्पेस किड्ज इंडिया के प्रतिष्ठित मिशन शक्तिसैट के लिए राष्ट्रीय फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली छत्तीसगढ़ की एकमात्र छात्रा हैं।

शासकीय आदर्श उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (SAGES), तिलकनगर की छात्रा महिमा ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और वैज्ञानिक सोच के दम पर देशभर से चयनित नौ बच्चों में स्थान बनाया है।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने महिमा से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिमा को प्रेरक पुस्तक एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रोत्साहित किया।

महिमा ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन, शिक्षकों और प्राचार्य के मार्गदर्शन एवं सहयोग से वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।

मिशन शक्तिसैट के तहत अगस्त 2026 में नई दिल्ली में 8 दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें विश्व के 108 देशों से चयनित छात्राएं हिस्सा लेंगी। कार्यशाला के दौरान छात्राएं मिलकर ShaktiSAT उपग्रह का निर्माण करेंगी। इनमें से एक सैटेलाइट को चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरा चंद्रमा पर उतरने के उद्देश्य से तैयार किया जाएगा।

इन उपग्रहों का प्रक्षेपण अक्टूबर 2026 में इसरो के श्रीहरिकोटा केंद्र से किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। महिमा की इस उपलब्धि से रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *