मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से लोगों को मिल रही राहत, 1796 आवेदनों में 601 से ज्यादा मामलों का हुआ समाधान

रायपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रदेश के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण का भरोसेमंद माध्यम बनकर उभर रही है। हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की लगातार समीक्षा और निगरानी कर समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

कोरबा जिले में 23 जून की सुबह तक मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में विभिन्न विभागों से संबंधित 1796 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, विद्युत, पेयजल, खाद्य, समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े प्रकरण शामिल हैं।

प्राप्त आवेदनों में से 601 से अधिक मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण कर हितग्राहियों को राहत दी जा चुकी है, जबकि 523 से अधिक आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों द्वारा तेजी से कार्रवाई की जा रही है।

राज्य शासन ने सभी विभागों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी नियमित रूप से लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर प्रगति की निगरानी कर रहे हैं।

हेल्पलाइन के जरिए नागरिकों को राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, लंबित भुगतान, बिजली व्यवस्था, सड़क मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता, सीमांकन, नामांतरण सहित कई शासकीय सेवाओं से जुड़ी समस्याओं में सहायता मिल रही है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ने आम नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को आसान, पारदर्शी और प्रभावी बनाया है। शासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक आवेदन का गुणवत्तापूर्ण निराकरण कर लोगों को समय पर राहत पहुंचाई जाए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *