रायगढ़ से 17 श्रद्धालु सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा पर रवाना, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने दी शुभकामनाएं

रायपुर।छत्तीसगढ़ सरकार की तीर्थ यात्रा योजना के तहत रायगढ़ जिले के 17 श्रद्धालु सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए उन्हें देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल यात्रा नहीं, बल्कि लोगों की वर्षों पुरानी धार्मिक आकांक्षाओं को पूरा करने का माध्यम बन रही है।

यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक और अन्य कारणों से कई लोग तीर्थ स्थलों तक नहीं पहुंच पाते, लेकिन इस योजना के माध्यम से उन्हें पवित्र सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन का अवसर मिला है, जो उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव है।

वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं समाज के उन वर्गों तक भी धार्मिक अवसर पहुंचा रही हैं, जो सामान्य परिस्थितियों में तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते।

यात्रा से पूर्व श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया गया और उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री महेश पटेल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालुओं के परिजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *