PM सूर्यघर योजना से महिलाओं को मिलेगा रोजगार, सोलर दीदी बनकर बदलेंगी गांवों की तस्वीर

रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने और अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ में नई पहल शुरू की गई है। इसके तहत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी महिलाओं को ‘सोलर दीदी’ के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है।

जिला पंचायत सरगुजा के सभाकक्ष में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्युत सखी दीदियों को सोलर दीदी की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें योजना की प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन, पात्रता और हितग्राहियों के चयन की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षित सोलर दीदियां अब अपने क्षेत्रों में ऐसे परिवारों की पहचान करेंगी, जो पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लिए पात्र हैं। खासतौर पर ऐसे परिवार जिनका मासिक बिजली बिल 2 हजार रुपये से अधिक है या जिनकी बिजली खपत 300 यूनिट तक है, उन्हें योजना से जोड़ा जाएगा।

इस पहल से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। सोलर इंस्टॉलेशन से जुड़े कार्यों में भागीदारी के साथ उन्हें निर्धारित प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त होगी।

अधिकारियों ने बताया कि सोलर दीदियां योजना के प्रचार-प्रसार के साथ ग्रामीण परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करेंगी। यह कदम महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और लखपति दीदी अभियान को गति देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में अपर परियोजना अधिकारी जिला पंचायत सरगुजा श्री मिथलेश पैकरा, विद्युत विभाग की सहायक अभियंता श्रीमती रश्मि तिर्की, बिहान योजना के जिला मिशन प्रबंधक श्री नीरज नामदेव, जिला परियोजना प्रबंधक श्री सुभाष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में बिहान से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *