दुर्ग। भिलाई में खतरनाक बाइक स्टंट कर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। सुपेला पुलिस द्वारा पकड़े गए युवक ने पुलिस वाहन के अंदर ही रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी, जो अब वायरल हो रही है।
जानकारी के अनुसार, सुपेला पुलिस ने आरोपी युवराज सोनी को सड़क पर लापरवाही से बाइक स्टंट करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। स्टंट का वीडियो पहले वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और न्यायालय में पेश किया।
गिरफ्तारी के बाद भी वायरल रील
हैरानी की बात यह रही कि गिरफ्तारी के कुछ ही घंटों बाद आरोपी ने पुलिस वाहन के अंदर बैठकर हाथ में हथकड़ी दिखाते हुए वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो में आरोपी हंसते हुए और विक्ट्री साइन दिखाते नजर आ रहा है। उसने कैप्शन लिखा—
“आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल”
पुलिस ने की कार्रवाई
सुपेला पुलिस ने बताया कि सड़क पर खतरनाक स्टंट करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर आरोपी को गिरफ्तार कर पहले ही न्यायालय में पेश किया जा चुका है। सोशल मीडिया पर वायरल नए वीडियो की भी जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
आरोपी का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के करीब 3 घंटे बाद ही उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से यह स्टोरी अपलोड की गई थी।