रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने पर्यावरण संरक्षण, विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास और महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता के लिए सामाजिक संगठनों से आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास और जनकल्याण के लिए सभी संस्थाओं और नागरिकों को मिलकर कार्य करने की जरूरत है।
राज्यपाल ने यह बात रोटरी क्लब ग्रेटर रायपुर के सदस्यों से लोक भवन में हुई मुलाकात के दौरान कही। उन्होंने रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे सेवा भावना से काम करने वाला संगठित संगठन बताया।
राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए कहा कि रायपुर शहर में पेड़ों के आसपास कंक्रीट और टाइल्स लगाने से उनकी जड़ों तक पानी और हवा नहीं पहुंच पाती। उन्होंने रोटेरियनों से ऐसे घेरों को हटाने और पेड़ों को बचाने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि यदि समय रहते जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में गंभीर जल संकट की स्थिति बन सकती है।
महिलाओं में बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर के मामलों पर चिंता जताते हुए राज्यपाल ने कहा कि रोटरी क्लब जनजागरूकता अभियान चलाकर महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए भी सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपेक्षा जताई।
राज्यपाल ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियां छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और धरोहर हैं। रोटरी क्लब को ऐसे गांवों को गोद लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामाजिक विकास के क्षेत्र में काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं को सामूहिक प्रयासों के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी सेवा कार्यों को बढ़ावा देना चाहिए। इससे समाज को लाभ मिलने के साथ जीवन में संतोष की भावना आती है।
बैठक में रोटरी क्लब ग्रेटर रायपुर के अध्यक्ष रितेश जिंदल ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, रोटरी क्लब के सचिव प्रकाश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।