फिलिस्तीनी दूतावास की भारत से अपील, कहा- ‘अगर भारत और भारतीय नहीं, तो कौन?’, मांगी मेडिकल मदद

नई दिल्ली। भारत में फिलिस्तीन दूतावास ने गाजा में बिगड़ते स्वास्थ्य संकट को लेकर भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तत्काल मानवीय और मेडिकल सहायता की अपील की है। दूतावास ने कहा है कि वहां का हेल्थकेयर सिस्टम गंभीर संकट में है और पूरी तरह ठप होने की स्थिति में पहुंच चुका है।

दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जारी संघर्ष, सैन्य हमलों, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान, मानवीय सहायता की सीमित पहुंच और अन्य प्रतिबंधों के कारण फिलिस्तीन में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

बयान में कहा गया, “यह हजारों बेगुनाह लोगों की जान बचाने का समय है। अगर भारत और भारतीय लोग नहीं, तो कौन? अगर अभी नहीं, तो कब? हर जान कीमती है।”

फिलिस्तीनी दूतावास ने भारत की ऐतिहासिक मानवीय भूमिका का जिक्र करते हुए मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने की अपील की। दूतावास ने भारत सरकार की ‘आरोग्य मैत्री’ पहल के तहत मदद देने का आग्रह भी किया।

दूतावास के अनुसार, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा गया कि गाजा के कई अस्पताल पूरी क्षमता से काम नहीं कर पा रहे हैं। दवाइयों, मेडिकल उपकरणों, डायलिसिस सप्लाई, ब्लड यूनिट और अस्पतालों के लिए जरूरी ईंधन की कमी बताई गई है।

फिलिस्तीनी दूतावास ने गंभीर मरीजों को मेडिकल आधार पर दूसरी जगह भेजने की जरूरत पर भी जोर दिया। साथ ही भारत से मानवीय मूल्यों और जरूरतमंद लोगों की मदद की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाने की अपील की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *