रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने अपनी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए सेजबहार फेस-1 कॉलोनी स्थित मंडल की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। कार्रवाई के दौरान निजी बिल्डर द्वारा बिना अनुमति बनाई जा रही अवैध सड़क को हटाया गया।
21.538 हेक्टेयर भूमि पर विकसित होनी थी आवासीय परियोजना
जानकारी के अनुसार, दीनदयाल आवास योजना के तहत कलेक्टर रायपुर के आदेश से वर्ष 2006 में ग्राम सेजबहार और दतरेंगा की कुल 21.538 हेक्टेयर (लगभग 53.19 एकड़) भूमि गृह निर्माण मंडल को आवासीय परियोजना के लिए आबंटित की गई थी।
इस परियोजना में कुल 1435 एलआईजी (लो इनकम ग्रुप) आवासों के निर्माण का प्रावधान था।
सीमांकन में सामने आया अतिक्रमण
मंडल द्वारा हाल ही में करीब 18 हेक्टेयर भूमि का राजस्व अभिलेखों के आधार पर सीमांकन कराया गया। इस दौरान पता चला कि एक निजी बिल्डर द्वारा मंडल की भूमि के हिस्से पर अवैध कब्जा कर सड़क निर्माण किया जा रहा था।
सीमांकन रिपोर्ट में अतिक्रमण की पुष्टि के बाद मंडल ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाया।
मौके पर पहुंची टीम ने हटाई सड़क
कार्यपालन अभियंता संभाग क्रमांक-3 सेजबहार रायपुर नितेश कश्यप के नेतृत्व में मंडल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान संपदा अधिकारी अमृत लाल बरमन, सहायक अभियंता हेमंत निषाद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
भविष्य में विकसित होगी नई आवासीय परियोजना
मंडल अधिकारियों ने बताया कि यह भूमि महत्वपूर्ण परिसंपत्ति है। भविष्य में इस क्षेत्र में नई आवासीय परियोजना विकसित करने की योजना है। अधिकारियों ने कहा कि मंडल अपनी जमीनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।