घुघरी कला नाला व्यपवर्तन योजना को मंजूरी, 200 हेक्टेयर भूमि में बढ़ेगी सिंचाई सुविधा

रायपुर | छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में कृषि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जल संसाधन विभाग ने छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखंड शंकरगढ़ अंतर्गत ग्राम घुघरी कला नाला में व्यपवर्तन योजना के निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ 58 लाख 75 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

इस महत्वाकांक्षी योजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। योजना के तहत कुल 200 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे स्थानीय कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।

योजना के अनुसार, खरीफ सीजन में लगभग 180 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जबकि रबी फसलों के लिए लगभग 20 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा। इससे किसानों को वर्षभर खेती करने में मदद मिलेगी और उनकी आय में सुधार होने की उम्मीद है।

जल संसाधन विभाग ने परियोजना को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए मुख्य अभियंता, हसदेव गंगा कछार (अंबिकापुर) को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सरकार का मानना है कि इस योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *