नई दिल्ली। NEET UG पेपर लीक मामले में आरोपी यश यादव को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उन्हें आगामी NEET UG री-एग्जाम में शामिल होने और अपनी बहन की शादी में भाग लेने की अनुमति दे दी है। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि दोनों ही मौकों पर यश यादव पुलिस कस्टडी में रहेंगे और सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में रहेंगे।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि शिक्षा प्रत्येक नागरिक का मौलिक अधिकार है और किसी भी व्यक्ति को इससे वंचित नहीं किया जा सकता। इसी आधार पर आरोपी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई है। आदेश के मुताबिक, पुलिस उन्हें परीक्षा केंद्र तक ले जाएगी और पूरी प्रक्रिया के दौरान कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
इससे पहले आरोपी ने 15 दिन की अंतरिम जमानत की मांग की थी, ताकि वह परीक्षा की तैयारी कर सके और पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल हो सके। हालांकि, अदालत ने उस समय फैसला टाल दिया था क्योंकि एडमिट कार्ड उपलब्ध नहीं था।
गौरतलब है कि इससे पहले 2 जून को कोर्ट ने यश यादव को जेल में रहते हुए परीक्षा की तैयारी के लिए किताबें रखने की अनुमति दी थी। मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) कर रही है। अब तक इस केस में कुल 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच जारी है।