नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर से एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म, ब्लैकमेल और जबरन धर्मांतरण की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता एक भारतीय सेना के जवान की पत्नी बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मौलाना की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि फरवरी 2025 में उसके पूर्व सहपाठी अय्याज ताज मदारे ने प्लॉट खरीदने के बहाने उससे संपर्क किया था। आरोप है कि आरोपी उसे एक होटल में ले गया, जहां जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और अश्लील वीडियो-फोटो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे पैसे भी वसूले गए और लगातार उसका शोषण किया गया। इसके बाद आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
पीड़िता के अनुसार, 31 मई को उसे नागपुर के कलमेश्वर इलाके में ले जाया गया, जहां उसकी मुलाकात आमीन शेख और एक मौलाना से कराई गई। आरोप है कि वहां धार्मिक प्रक्रिया के जरिए धर्मांतरण कराने की कोशिश की गई और उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया गया।
मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने अपने पति को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पति-पत्नी ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुष्कर्म, ब्लैकमेल, जबरन वसूली और धर्मांतरण के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अय्याज ताज मदारे और आमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं फरार मौलाना की तलाश जारी है।