राजधानी में शुरू होगा मेगा वृक्षारोपण अभियान, डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ेगा जनआंदोलन

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने राजधानी को हरित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान शुरू करने की घोषणा की है। ‘एक पेड़ मां के नाम दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026’ के तहत पूरे शहर में 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली सचिवालय में की। बैठक में अभियान की रूपरेखा, डिजिटल प्लेटफॉर्म, जनभागीदारी और विभागीय जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सरकार के अनुसार, अभियान का पहला चरण 22 जून से शुरू होगा, जिसमें ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल और आधिकारिक वीडियो लॉन्च किया जाएगा। इसके साथ ही डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

22 जून से 4 जुलाई तक अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिसमें सामाजिक, शैक्षणिक और धार्मिक संगठनों को जोड़ा जाएगा ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसमें भाग ले सकें।

अभियान का दूसरा चरण जुलाई के पहले सप्ताह में मेगा रिज वृक्षारोपण कार्यक्रम के रूप में होगा, जिसमें लाखों पौधे लगाए जाने की योजना है। वहीं, तीसरे चरण में जुलाई के मध्य में दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर एक साथ हजारों लोग पौधारोपण करेंगे।

सरकार ने नागरिकों की भागीदारी आसान बनाने के लिए एक डिजिटल पोर्टल भी तैयार किया है, जहां लोग पौधारोपण के लिए पंजीकरण कर सकते हैं, स्लॉट बुक कर सकते हैं और जियो-टैग फोटो अपलोड कर प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं।

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि दिल्ली को हरित राजधानी बनाने की दिशा में एक जन-आंदोलन है। सरकार का लक्ष्य सभी वर्गों को इस मिशन से जोड़ना है ताकि पर्यावरण संरक्षण को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जा सके।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *