मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई है। मामला ग्राम पंचायत राम्हेपुर (N) में मनरेगा के तहत स्वीकृत तालाब निर्माण से जुड़ा है, जिसे लेकर ग्रामीणों और एक व्यक्ति के बीच विवाद गहरा गया है।
जानकारी के अनुसार, सरपंच, उपसरपंच और पंचों सहित ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि आंछीडोंगरी गांव के रामकुमार साहू ने शासकीय भूमि पर कब्जा कर तालाब निर्माण कार्य को रोक दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार समझाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है, जिससे जनहित का कार्य प्रभावित हो रहा है।
इसी मामले में ग्रामीणों ने प्रशासन को आवेदन सौंपकर कब्जा हटाने की मांग की है और कार्रवाई नहीं होने पर उग्र प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।
वहीं, दूसरे पक्ष ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए जमीन को अपनी वैध संपत्ति बताया है। संबंधित व्यक्ति ने दावा किया है कि उनके पास 2018 का तहसीलदार द्वारा जारी भू-अधिकार पट्टा मौजूद है, जो उनकी स्वामित्व स्थिति को प्रमाणित करता है।
मामले में अब प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू हो गई है। एसडीएम लोरमी ने जनपद पंचायत से रिपोर्ट तलब की है। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों के बीच स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।