दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कार में सवार एक ही परिवार के तीन लोगों ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, परिवार के तीन सदस्य बायपास रोड से दुर्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक कार के अगले हिस्से से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई।
हालात बिगड़ते देख कार में सवार लोगों ने तुरंत वाहन रोका और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। अगर समय रहते वे कार से बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सामने आया वीडियो
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे खड़ी कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलता हुआ दिखाई दे रहा है। कार से काला धुआं उठता नजर आ रहा है, जबकि आसपास लोगों की भीड़ जमा है।
फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।