अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का विरोध, महिला ने बुलडोजर के सामने लेटकर रोकी कार्रवाई

नारायणपुर। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। जय स्तंभ चौक क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान एक महिला जेसीबी मशीन के सामने लेट गई, जिसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम फुटकर व्यवसायियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। जैसे ही बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई, कुछ लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक महिला जेसीबी के सामने आकर लेट गई और कार्रवाई रोकने की कोशिश की।

महिला का आरोप था कि शहर में कई जगह अतिक्रमण है, लेकिन कार्रवाई सिर्फ कुछ लोगों के खिलाफ की जा रही है। विरोध के चलते कुछ समय के लिए कार्रवाई प्रभावित हुई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने समझाइश देकर महिला को हटाया, जिसके बाद दोबारा अभियान शुरू किया गया।

7 दुकानों और अस्थायी निर्माणों पर चला बुलडोजर

नगर पालिका की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 7 दुकानों और अस्थायी संरचनाओं को जमींदोज कर दिया। इस दौरान राजस्व विभाग और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

नोटिस के बाद की गई कार्रवाई

नगर पालिका सीएमओ ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद भी अवैध निर्माण नहीं हटाए गए, जिसके बाद नियमों के तहत कार्रवाई की गई।

नगर पालिका प्रशासन ने कहा कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *