कोंडागांव। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित केशकाल घाट में सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। जगदलपुर से ओडिशा के झारसुगुड़ा जा रहा ऑक्सीजन से भरा टैंकर ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से ऑक्सीजन का रिसाव होने लगा, जिससे कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए यातायात को नियंत्रित किया। हादसे में टैंकर चालक उदय ठाकुर को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
चालक ने बताया कि घाट उतरते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद टैंकर को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। खतरे को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते टैंक का सेफ्टी वाल्व खोल दिया, जिससे ऑक्सीजन नियंत्रित तरीके से बाहर निकलती रही।
चालक के अनुसार, यदि टैंक का दबाव बढ़ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उनकी तत्परता से संभावित विस्फोट और जनहानि को टाल दिया गया।
पुलिस और प्रशासन ने मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ब्रेक फेल होना सामने आई है। कुछ समय तक प्रभावित रहा यातायात बाद में सामान्य कर दिया गया। चालक की समझदारी और समय पर लिए गए फैसले की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।