रायगढ़। जिला जेल में बंद एक विचाराधीन बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान संजय बघेल के रूप में हुई है, जो ग्राम नवापारा का निवासी बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
जानकारी के अनुसार, संजय बघेल को शराब से जुड़े एक मामले में कुछ दिन पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला जेल से मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता प्यारेलाल ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके बेटे और उसके साथी के साथ मारपीट की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक अन्य व्यक्ति से 40 हजार रुपये लेकर उसे छोड़ दिया गया, जबकि उनके बेटे को जेल भेज दिया गया। परिजनों का कहना है कि जेल में भी उसके साथ मारपीट हुई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
CCTV जांच की मांग
ग्राम सरपंच नंदकुमार ने भी मामले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जेल के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की है।
परिजन जांच की मांग पर अड़े
घटना के बाद बड़ी संख्या में परिजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और न्यायिक जांच की मांग को लेकर हंगामा करते रहे। फिलहाल प्रशासन और जेल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।