बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर के रतनपुर स्थित बिकमा तालाब में उस समय हड़कंप मच गया जब नहाने पहुंचे ग्रामीणों को तालाब के किनारे एक गड्ढे में मगरमच्छ के 6 बच्चे दिखाई दिए। अचानक नन्हे मगरमच्छों को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना रतनपुर पुलिस और वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी 6 मगरमच्छ के बच्चों को सावधानीपूर्वक रेस्क्यू किया गया।
जानकारी के अनुसार, रेस्क्यू किए गए सभी बच्चों को पहले वन विभाग कार्यालय लाया गया, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित रूप से खूंटाघाट डैम में छोड़ दिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बिकमा तालाब में पहले से ही तीन बड़े मगरमच्छ मौजूद हैं। माना जा रहा है कि मादा मगरमच्छ ने तालाब किनारे अंडे दिए थे, जिनसे हाल ही में बच्चे बाहर निकले हैं।
सुबह रोजाना की तरह नहाने पहुंचे लोगों ने जब किनारे मगरमच्छ के बच्चे देखे तो अफरा-तफरी मच गई और तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई।
वन विभाग ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और तालाब के आसपास लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो सके।