डडईपानी जंगल में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, IED, UBGL राउंड समेत भारी विस्फोटक जब्त

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डडईपानी के जंगल में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के छिपाए गए एक बड़े डंप जखीरे का खुलासा किया है। यह कार्रवाई CRPF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान की गई।

सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई उस व्यापक अभियान का हिस्सा है जो राज्य में नक्सल गतिविधियों पर नियंत्रण और जंगलों में छिपाए गए पुराने हथियारों व विस्फोटक सामग्री की बरामदगी के लिए लगातार चलाया जा रहा है। आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही और खुफिया इनपुट के आधार पर यह सर्च अभियान तेज किया गया है।

सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों को नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार सामग्री मिली। बरामद सामान में 4 किलोग्राम का प्रेशर कुकर IED, 5 किलोग्राम का कुकर IED, एक भरमार रायफल, रायफल की मैगजीन, UBGL (अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) राउंड और पटाखा सामग्री शामिल है।

सुरक्षाबलों ने सभी सामग्री को कब्जे में लेकर इलाके को सुरक्षित किया। वहीं IED को मौके पर ही नियंत्रित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया ताकि किसी तरह का खतरा न रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी नक्सल नेटवर्क के पुराने सपोर्ट सिस्टम पर एक बड़ी चोट मानी जा रही है। इलाके में सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी है ताकि किसी अन्य छिपे हुए डंप या गतिविधि का पता लगाया जा सके।

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में हाल के महीनों में लगातार ऐसी बरामदगियां सामने आ रही हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियों को जमीन पर नक्सलियों की कमजोर होती मौजूदगी के संकेत मिल रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *