कैटरिंग उद्योग की चुनौतियों पर मंथन, CCA ने कार्यक्रमों की टाइमिंग को लेकर लिया बड़ा फैसला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के हॉस्पिटैलिटी और कैटरिंग सेक्टर को संगठित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्यभर के प्रमुख कैटरिंग व्यवसायियों ने मिलकर आधिकारिक रूप से ‘छत्तीसगढ़ कैटरर्स एसोसिएशन’ (CCA) का गठन किया है। इसका उद्देश्य कैटरिंग उद्योग से जुड़ी चुनौतियों का समाधान निकालना और व्यवसाय को बेहतर तरीके से संचालित करना है।

एसोसिएशन के गठन को लेकर हुई बैठक में प्रदेश के कई प्रमुख कैटरर्स शामिल हुए। बैठक का नेतृत्व बंटी नाथवानी (जलाराम कैटरर्स), विजय स्वामी (नीलम कैटरर्स) और लोकेश सिंघल (संस्कार कैटरर्स) ने किया। इसके अलावा कई अन्य कैटरिंग संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

कैटरिंग कार्यक्रमों के लिए तय हुई समय सीमा

बैठक में सबसे अहम निर्णय कार्यक्रमों की टाइमिंग को लेकर लिया गया। कर्मचारियों की सुविधा, बेहतर प्रबंधन और स्थानीय नियमों को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन ने राज्यभर में कैटरिंग कार्यक्रमों के लिए रात 12:30 बजे तक की समय-सीमा तय करने का प्रस्ताव रखा है।

उद्योग की चुनौतियों पर हुआ मंथन

बैठक में कैटरिंग सेक्टर से जुड़ी कई समस्याओं पर चर्चा की गई। इनमें कच्चे माल की बढ़ती कीमतें, सप्लाई चेन की परेशानी, कुशल कर्मचारियों की कमी और हाइजीन व सर्विस स्टैंडर्ड को बेहतर बनाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।

सदस्यों ने आपसी सहयोग, संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और सामूहिक प्रयासों से इन चुनौतियों से निपटने पर सहमति जताई।

जल्द बनेगी कार्यकारी समिति

एसोसिएशन को मजबूती देने के लिए जल्द ही एक औपचारिक कार्यकारी समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति एसोसिएशन का संविधान तैयार करने, सरकारी स्तर पर कैटरर्स का प्रतिनिधित्व करने और उद्योग से जुड़े नियमों को लागू कराने की दिशा में काम करेगी।

छत्तीसगढ़ कैटरर्स एसोसिएशन के गठन को प्रदेश के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे कैटरिंग व्यवसाय को अधिक व्यवस्थित और मजबूत बनाने की उम्मीद है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *