नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे B&B होटल में हुए भीषण अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक बांग्लादेशी महिला ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। महिला को आग लगने के बाद गंभीर हालत में एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक, महिला अपने पति के किडनी ट्रांसप्लांट के सिलसिले में भारत आई थी और दिल्ली में ठहरी हुई थी। इस हादसे में पहले ही उसके भाई की भी मौत हो चुकी थी।
होटल मालिक और अकाउंटेंट भेजे गए जेल
मामले में कार्रवाई करते हुए अदालत ने होटल मालिक लवकेश बजाज और अकाउंटेंट जय मिश्रा को 12 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दोनों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था। दिल्ली पुलिस ने अदालत से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की थी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और कई महत्वपूर्ण पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
अदालत ने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि यदि होटल मालिक के पास डॉक्टर द्वारा जारी वैध दवाओं का प्रिस्क्रिप्शन है तो उन्हें जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर विचार किया जाए।
एक ही परिवार के पांच लोगों की हुई थी मौत
इस हादसे में गुरुग्राम के चार्टर्ड अकाउंटेंट विवेक अग्रवाल का पूरा परिवार खत्म हो गया। आग की चपेट में आने से विवेक अग्रवाल, उनकी पत्नी तर्जनी अग्रवाल, मां प्रेमलता और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई थी।
परिवार अपने बीमार पिता से मिलने दिल्ली आया था और इसी दौरान होटल में ठहरा हुआ था। बाद में गुरुग्राम में परिवार के सदस्यों का अंतिम संस्कार किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
गौरतलब है कि 3 जून को हौज रानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टे B&B होटल में अचानक भीषण आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया था।
हादसे के बाद पुलिस, दमकल विभाग और जांच एजेंसियां आग लगने के कारणों, अग्नि सुरक्षा इंतजामों में कथित लापरवाही और होटल संचालन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
जांच में होटल के इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी सिस्टम और जरूरी अनुमतियों की भी पड़ताल की जा रही है।