बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के एक गांव में 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांव के 50 वर्षीय कोतवाल को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में नाराजगी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची अपनी सहेली के साथ गांव में खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी कोतवाल ने दोनों बच्चियों को अपने पास बुलाया। आरोप है कि उसने पहले बच्ची को चॉकलेट लाने के बहाने दुकान भेजा। कुछ देर बाद जब बच्ची वापस आई तो उसकी सहेली को भी सामान लेने के बहाने वहां से भेज दिया।
इसके बाद आरोपी ने बच्ची को टीवी दिखाने का झांसा देकर अपने घर ले गया। आरोप है कि घर के अंदर उसने बच्ची के साथ गलत हरकत की। घटना के बाद बच्ची ने हिम्मत जुटाकर पूरी बात अपने परिजनों को बताई।
परिजनों की शिकायत पर डौंडीलोहारा थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है। पीड़ित बच्ची और उसके परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।