मांड्या। कर्नाटक के मांड्या जिले में एक ही परिवार के तीन लोगों की रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। कपड़ा व्यापारी प्रभाकर, उनकी पत्नी ज्योति और नवविवाहित बेटे संतोष की मौत ने पुलिस को भी हैरान कर दिया था। शुरुआत में मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझा हुआ था, लेकिन जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट ने पूरी कहानी बदल दी।
पुलिस के मुताबिक, प्रभाकर का शव उसकी कपड़ों की दुकान में फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी ज्योति और बेटे संतोष के शव घर के कमरे से बरामद हुए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मौके से मिले सुसाइड नोट में मौत की वजह का खुलासा हुआ।
कर्ज और दबाव बना मौत की वजह
जांच में सामने आया कि प्रभाकर ने निजी फाइनेंस कंपनियों से भारी ब्याज पर कर्ज लिया था। कारोबार में नुकसान होने के बाद वह किस्तें नहीं चुका पा रहा था। आरोप है कि कर्ज देने वाली कंपनियों के एजेंट लगातार उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, इसी दबाव में प्रभाकर ने पहले अपनी पत्नी और बेटे की हत्या की और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली।
डेढ़ महीने पहले हुई थी बेटे की शादी
परिवार पर आई इस त्रासदी ने लोगों को झकझोर दिया। संतोष की शादी को अभी सिर्फ डेढ़ महीने ही हुए थे। घटना की रात उसकी पत्नी घर के दूसरे हिस्से में सो रही थी और उसे कुछ भी पता नहीं चला। सुबह जब उसने परिवार को जगाने की कोशिश की, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मांड्या एसपी शोभारानी ने बताया कि घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। नोट में आर्थिक परेशानी और प्रताड़ना का जिक्र किया गया है। पुलिस अब सुसाइड नोट में लिखी बातों और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।