मंगलुरु (कर्नाटक)। कर्नाटक के मंगलुरु जिले में हनी ट्रैप और जबरन वसूली के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में यूथ कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी निजाम और उसके सहयोगी जितेश को गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक व्यापारी को ब्लैकमेल कर करीब 2.77 करोड़ रुपये वसूलने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला वर्ष 2024 में शुरू हुआ, जब जितेश ने कथित तौर पर व्यापारी को हनी ट्रैप में फंसाया और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरों और वीडियो के जरिए उसे धमकाना शुरू किया। इसके बाद पीड़ित से शुरुआत में 35 लाख रुपये की मांग की गई, जिसे धीरे-धीरे बढ़ाकर करोड़ों में बदल दिया गया।
जांच में सामने आया है कि जब पीड़ित ने मदद के लिए यूथ कांग्रेस पदाधिकारी निजाम से संपर्क किया, तो उसने भी आरोपी के साथ मिलकर वसूली में साथ देना शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर व्यापारी को लगातार डराया और कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूले।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़ित को यह भी झांसा दिया कि जितेश की मौत हो चुकी है और उसके नाम से एक फर्जी सुसाइड नोट और तस्वीरें दिखाकर उसे और डराया गया। इस पूरे खेल में पीड़ित से 2024 से 2026 के बीच लगातार रकम वसूली जाती रही, जो कुल मिलाकर 2.77 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
यह मामला तब सामने आया जब जून 2026 में पीड़ित ने जितेश को जिंदा देख लिया, जबकि उसे बताया गया था कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।