सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर जिले में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने कोयला और रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 8 वाहनों को जब्त कर संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
यह कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाए जा रहे सतत निगरानी अभियान के तहत की गई। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार खनिज विभाग और जिला स्तरीय टास्कफोर्स द्वारा खनन प्रभावित क्षेत्रों में लगातार जांच की जा रही है।
कोयला परिवहन करते 6 वाहन पकड़े गए:
07 जून को सूरजपुर तहसील अंतर्गत ग्राम पचिरा-मानी चौक मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम बेलटिकरी के पास अवैध रूप से कोयला परिवहन करते हुए 6 मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया, जिनसे लगभग 5 टन कोयला जब्त किया गया।
रेत परिवहन में 2 टिपर जब्त:
इसके अलावा ग्राम राजापुर और हर्राटिकरा क्षेत्र में की गई कार्रवाई में अवैध रेत परिवहन में लगे 2 टिपर वाहनों को भी जब्त किया गया। इससे पहले 3 अन्य टिपर वाहनों के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।
प्रशासन की सख्त चेतावनी:
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।