कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बोड़ला थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने खैरबनाखुर्द गांव में सार्वजनिक स्थान पर चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर 10 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 21 हजार रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 52 पत्तों की ताश गड्डी बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 92 हजार रुपये आंकी गई है।
कैसे हुई कार्रवाई:
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर बैठकर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश और एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कानूनी कार्रवाई जारी:
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
एसपी का सख्त संदेश:
एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।