केंद्रीय जेल बना सवालों के घेरे में, लगातार मौतों के बाद जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग

जगदलपुर। बस्तर जिले की जगदलपुर केंद्रीय जेल एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जेल में महज 10 दिनों के भीतर तीसरी मौत का मामला सामने आने के बाद बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सजायाफ्ता बंदी सुधु कश्यप की इलाज के दौरान मौत हो गई। सुधु कश्यप को अक्टूबर 2025 में बीएनएस की धारा 64(1) के तहत सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी।

बताया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने और रक्तचाप बढ़ने के बाद 6 जून को उसे मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान 7 जून को उसकी मौत हो गई।

10 दिनों में तीन मौतों से उठे सवाल

केंद्रीय जेल में लगातार हो रही मौतों ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले 31 मई को एक विचाराधीन महिला बंदी ने जेल परिसर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

वहीं, 4 जून को नक्सल मामले में बंद विचाराधीन कैदी रमेश कुंजाम की बाथरूम में गिरने के बाद मौत हो गई थी।

जांच और जिम्मेदारी पर नजर

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद अब जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि इन मामलों की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और लापरवाही की स्थिति में जिम्मेदारी किस पर तय होती है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *