बेमेतरा। बेमेतरा में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के छात्रों ने परीक्षा परिणामों में कथित अनियमितताओं के विरोध में चक्काजाम कर दिया।
छात्रों ने आरोप लगाया कि हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज में कई विद्यार्थियों को परीक्षा देने के बावजूद अनुपस्थित दिखाया गया है, जबकि कुछ को अनावश्यक रूप से ATKT (Allowed To Keep Terms) दिया गया है। इसके अलावा, कई छात्रों के परिणाम अब तक घोषित नहीं किए गए हैं और कुछ के अंकपत्रों में गंभीर त्रुटियां पाई गई हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि उन पर बिना उचित जांच के UFM (Unfair Means) की कार्रवाई की गई, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है, जबकि वे ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने अपनी प्रमुख मांगों में ATKT मामलों की पुनः जांच, लंबित परिणामों का शीघ्र प्रकाशन, अनुपस्थित दर्शाए गए छात्रों के मामलों का तत्काल समाधान, अंकपत्रों में सुधार और UFM मामलों की निष्पक्ष समीक्षा शामिल की है।
करीब तीन घंटे तक चले इस चक्काजाम के कारण NH-30 पर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने छात्रों को समझाइश देकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।