राजनांदगांव में डाली जाएगी यूरिया की फैक्ट्री, सीएम विष्णुदेव साय से पायनियर के संपादक डॉ ए. एन. द्विवेदी की ख़ास बातचीत

Thethinkmedia@raipur

सुशासन तिहार: जनता के द्वार पहुँची विष्णु सरकार

आम के पेड़ की छाँव में लगी चौपाल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस तपती धूप में जनता के द्वार पहुँचकर उनकी समस्याओं के निराकरण के साथ ही हर संभव माँगों को पूरा कर रहे हैं। एक ओर जहां मौसम विभाग भीषण गर्मी की चेतावनी दे रहा है, तो वहीं दूसरी ओर सीएम इस चेतावनी से दूर पसीने से लथ-पथ पेड़ के नीचे जनता की चौपाल लगाते नजर आ रहें हैं। वह जनता जनार्दन की समस्याओं से रूबरू हो रहे हैं। कहीं स्टेडियम, तो कहीं स्कूल, कहीं अस्पताल, भवन तो कहीं सड़क की सौगात दे रहे हैं।

इस दौरान बचे समय में हेलीकाप्टर में ही सरकारी कामकाज और फाइलो का भी सीएम गम्भीरता से अवलोकन करते नजर आये। खाट में बैठकर वह जनता की बातों को सुनते हैं। उन्होंने कहीं चौलाई भाजी तो कहीं चटनी खाकर जनता के बीच अपनी सादगी की एक अनोखी मिसाल दी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव के सहज स्वभाव ने ग्रामीणों को अपने से अलग नहीं माना, ग्रामीण बेझिझक अपनी बात सीएम के समक्ष रखते नजर आये। तो वहीं सीएम ने भी सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया।

राजनांदगांव में डाली जाएगी यूरिया की फैक्ट्री, सीएम विष्णुदेव साय से पायनियर के संपादक डॉ ए. एन. द्विवेदी की ख़ास बातचीत

सवाल- इस वर्ष सुशासन तिहार पिछले साल की अपेक्षा कैसा चल रहा? क्या अंतर देखने को मिल रहा है।

जवाब: सुशासन तिहार बहुत अच्छा चल रहा। पिछले साल की अपेक्षा आवेदनों की संख्या में कमी हुई है। खासकर शिकायतों की, इसके यह आकलन करने में आसानी हो रही कि अब योजनाओं का समुचित लाभ जनता को मिल रहा है।

सवाल: आपकी माने तो सुशासन तिहार का अच्छा प्रतिफल मिल रहा है। किसी गाँव, विकासखंड या जिले को सुशासन का मॉडल बनायेंगे? जिसका अनुसरण अन्य जिले भी करें।

जवाब: निश्चित ही बहुत से जिलों में अच्छा काम हो रहा है। कई जिलों में महिलाएँ आत्मनिर्भर बन रहीं हैं, ख़ुद लखपति बन रहीं है, साथ ही दूसरों को रोजगार भी दे रहीं हैं। धमतरी समेत कई जिलो में बहुत अच्छा काम हो रहा है। इस दिशा में जरूर विचार करेंगे।

सवाल: जशपुर ब्रांड को आपकी सरकार में काफी लोकप्रियता मिली। बस्तर ब्रांड पर क्या विचार है?

जवाब: जशपुर ब्रांड को राष्ट्रीय लेबल में सराहना मिली है। इसमें और भी कुछ बेहतर करने की कार्ययोजना है। इसके साथ ही बस्तर ब्रांड को भी हम देश के प्रमुख चार हवाई अड्डों में स्थान देने जा रहें हैं। बस्तर छत्तीसगढ़ का गौरव है, इसके लिए हर बेहतर कार्य करेंगे।

सवाल: सुशासन तिहार तो एक समय विशेष में संचालित होता है। जनता से लगातार संवाद और उनकी समस्याओं से रूबरू होने की जरूरत है। इसके लिए क्या प्लान है?

जवाब: जल्द ही हम सीएम हेल्पलाइन की शुरुआत करने जा रहे हैं, जिसमें जनता सीधे अपनी बात रख सकेगी। साथ ही इसके लिए एक बड़ी टीम रहेगी जो जनता की समस्याओं का प्रॉपर निराकरण करेगी और सुशासन तिहार इसी तरह चलता रहेगा ताकि सीधा फीडबैक भी मिलता रहे।

सवाल: आपके कार्यकाल का आधा समय बीत चुका है। धीरे-धीरे चुनावी दौर की शुरुआत हो चुकी है। जनता के पास ले जाने को क्या-क्या है?

जवाब: हमारी सरकार ने प्रधानमंत्री जी के वादे, मोदी की गारंटी को पूरा किया है। 10 लाख से ज़्यादा गृह प्रवेश हो चुके हैं। गरीबों के लिए प्रतिदिन 1600 से ज़्यादा मकान बन रहे हैं। महतारी वंदन की राशि से महिलाएँ आत्मनिर्भर बन रहीं है। रिकॉर्ड 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों की धान खरीदी की जा रही है। फ्री इलाज के लिए आयुष्मान योजना संचालित है। 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता की खरीदी की जा रही है। इसके अलावा भी भविष्य की जरूरतो के अनुरूप और भी योजनाएँ लायेंगे और जनता के बीच उन्हें ले जाएँगे।

सवाल: किसानों के बीच अक्सर खाद की कमी देखी जाती है। इसका क्या समाधान है?

जवाब: किसानों को खाद की किसी भी प्रकार की कमी ना हो इसके लिये कलेक्टरों को सख्त निर्देश दिये गये है। इसके साथ ही राजनांदगाँव में यूरिया की फ्रैक्ट्री डाली जाएगी। सरकार इसके लिए 400 एकड़ जमीन दे रही है। साथ ही किसानों से अपील है कि वे प्राकृतिक खाद का भी अधिक से अधिक उपयोग करें।

सवाल: मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा है। कब तक इस पर मुहर लगेगी?

जवाब: भारतीय जनता पार्टी समय-समय पर कार्यों का मूल्यांकन करती है। इस विषय पर सामूहिक चर्चा और मत के बाद ही निर्णय होंगे। आपको पता चल जाएगा।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *