कक्षा 10 के छात्र अभिषेक ने रचा इतिहास, ISRO के युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम में मिली जगह

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के होनहार छात्र अभिषेक खरे के भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रतिष्ठित युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम (युविका) में चयन होने पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने अपने कवर्धा स्थित निवास कार्यालय में अभिषेक से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महाराजपुर के कक्षा 10वीं के छात्र अभिषेक खरे का चयन इसरो के युविका कार्यक्रम के लिए हुआ है। यह कार्यक्रम देशभर के मेधावी विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के क्षेत्र से परिचित कराने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अभिषेक की उपलब्धि पूरे कबीरधाम जिले और छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी देश के विकास को नई दिशा दे सकती है और अभिषेक जैसे छात्र अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी सफलताएं हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने अभिषेक को भविष्य में अंतरिक्ष विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

युविका कार्यक्रम के तहत चयनित विद्यार्थियों को इसरो के वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जाता है, जहां उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियों को समझने और अंतरिक्ष गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

अभिषेक की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *