36 हजार पौधे, 5 हजार फलदार पौधों का वितरण, PEKB-PCB का पर्यावरण अभियान बना मिसाल

अंबिकापुर। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर सरगुजा जिले के उदयपुर ब्लॉक स्थित परसा ईस्ट एवं केते बासेन (PEKB) और परसा कोल ब्लॉक (PCB) परियोजनाओं ने पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान दोनों परियोजनाओं में कुल 14.52 हेक्टेयर क्षेत्र में 36,315 पौधों का रोपण किया गया।

परियोजना प्रबंधन के अनुसार, खनन उपरांत भूमि पुनर्स्थापन (रेक्लेमेशन) के तहत अब तक 18 लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। रेक्लैम्ड भूमि पर विकसित हो रहे ये हरित क्षेत्र अब एक संगठित मानवनिर्मित वन का स्वरूप लेने लगे हैं।

विश्व पर्यावरण दिवस पर PEKB परियोजना के हरिहरपुर डंप क्षेत्र में 12.48 हेक्टेयर भूमि पर 31,215 पौधे लगाए गए, जबकि PCB परियोजना क्षेत्र में 2.04 हेक्टेयर में 5,100 पौधों का रोपण किया गया। यह पिछले वर्ष की तुलना में पर्यावरणीय प्रयासों में उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है। वर्ष 2025 में दोनों परियोजनाओं में कुल 27,220 पौधे लगाए गए थे।

पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने के लिए परियोजना परिसर में पैदल मार्च का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

इसी अवसर पर अदाणी समूह की सीएसआर पहल के तहत परसा गांव में 100 अमरूद पौधों का फलदार गार्डन विकसित किया गया। वीएनआर वी1 प्रजाति के ये पौधे लगभग छह माह में फल देने लगते हैं, जिससे ग्रामीणों को अतिरिक्त आय का स्रोत उपलब्ध होगा।

इसके अलावा, 3 और 4 जून को आसपास के गांवों में 5,000 फलदार पौधों का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करना, पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला स्व-सहायता समूह, ग्रामीणों के साथ परियोजना के पर्यावरण, सीएसआर, उद्यानिकी और प्रशासनिक विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। परियोजना प्रबंधन ने पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास के लिए सभी हितधारकों के सहयोग की सराहना की।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *