दुर्ग। जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी का कोयला खरीदकर बेचने वाले कारोबारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 15.530 टन कोयला, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान खुर्सीपार गेट के पास एक गोदाम में अवैध रूप से कोयला भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां बड़ी मात्रा में कोयला रखा मिला।
जांच के दौरान गोदाम संचालक विजय केसरवानी ने कोयले की खरीदी-बिक्री से संबंधित जीएसटी बिल प्रस्तुत किए। हालांकि दस्तावेजों की जांच में बिल फर्जी पाए गए। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रेलवे और बीएसपी क्षेत्र से चोरी किए गए कोयले की खरीद-फरोख्त करता था।
आरोपी ने यह भी बताया कि फर्जी जीएसटी दस्तावेज तैयार कराने में राजकुमार मिश्रा और सुनील शर्मा ने उसकी मदद की थी। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी के कोयले की सप्लाई चेन में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।