रायपुर। राजधानी रायपुर में निर्माणाधीन स्काईवॉक परियोजना को लेकर कथित अनियमितताओं और लापरवाही के आरोपों पर सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को शास्त्री चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और तकनीकी खामियों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल और असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया।
कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि स्काईवॉक निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है और लंबे समय से खुले में पड़े रहने के कारण लोहे के ढांचे में जंग लग चुकी है। उन्होंने कहा कि संरचना की मजबूती को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और यह परियोजना आम जनता के लिए खतरा बनती जा रही है।
वहीं मोहम्मद सिद्दीक ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के बंगले का घेराव करेगी।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से निर्माण कार्य में अनियमितताएं हो रही हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।