दिल्ली सरकार बढ़ाएगी फसल नुकसान मुआवजा, 10 हजार किसान होंगे लाभान्वित

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फसल नुकसान मुआवजे में बड़ा इजाफा करने का ऐलान किया है। अब मुआवजा दर बढ़ाकर 75,000 रुपये प्रति हेक्टेयर कर दी गई है। इस फैसले का लक्ष्य अगस्त–सितंबर 2025 की भारी बारिश से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाना है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस निर्णय से लगभग 10,000 किसान सीधे लाभान्वित होंगे। राजधानी में कुल 10,977.44 एकड़ (करीब 4,442 हेक्टेयर) कृषि भूमि प्रभावित हुई थी। पहले लागू मुआवजा दर करीब 49,421 रुपये प्रति हेक्टेयर थी। नई दर लागू होने से सरकार लगभग 33.32 करोड़ रुपये अतिरिक्त सहायता राशि वितरित करेगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह आर्थिक मदद केवल उन किसानों को मिलेगी जिनकी फसलें भारी बारिश और खेतों में जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हुई थीं। कंपनियों की जमीन, ग्राम सभा की जमीन और चारदीवारी वाले फार्महाउस योजना के दायरे में नहीं आएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि 70 प्रतिशत तक फसल क्षति होने पर उसी अनुपात में सहायता दी जाएगी, जबकि 70 प्रतिशत से अधिक नुकसान होने पर पूर्ण मुआवजा प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम किसानों को संकट की घड़ी में सुरक्षा कवच देने और उनकी आजीविका को सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया है।

इस निर्णय से प्रभावित किसान न केवल अपने हुए नुकसान की भरपाई कर सकेंगे, बल्कि अगली फसल की बेहतर तैयारी भी कर पाएंगे।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *