वाशिंगटन। अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 30 भारतीय ट्रक ड्राइवरों को अमेरिकी अधिकारियों ने गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कमर्शियल वाहन चालक के रूप में विभिन्न राज्यों में काम कर रहे थे। उन्हें जल्द ही अमेरिका से निर्वासित किया जाएगा।
अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (CBP) के अनुसार, यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन चेकमेट’ के तहत की गई। 11 से 15 मई के दौरान एरिजोना के युमा सेक्टर में कुल 52 अवैध प्रवासियों को पकड़ा गया, जिनमें 36 कमर्शियल ड्राइवर थे। इनमें 30 भारतीय थे, जबकि बाकी मेक्सिको, अल सल्वाडोर और रूस से थे।
जांच में सामने आया कि अधिकांश आरोपी के पास कैलिफोर्निया, न्यूयॉर्क, वाशिंगटन और वर्जीनिया जैसे राज्यों के ड्राइविंग लाइसेंस थे, जबकि कुछ के पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था। अधिकतर लाइसेंस अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन प्रशासन के दौरान जारी किए गए थे, जो अब वैध नहीं माने जा रहे।
CBP के युमा सेक्टर के कार्यवाहक मुख्य गश्त एजेंट डस्टिन कॉडल ने कहा कि ऑपरेशन चेकमेट का उद्देश्य देश में अवैध रूप से रहने वाले और कमर्शियल वाहन चलाने वाले व्यक्तियों को पकड़कर सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ट्रंप प्रशासन के दौरान परिवहन विभाग ने ऐसे अयोग्य विदेशी चालकों को कमर्शियल वाहन चलाने से रोकने का आदेश जारी किया था। पिछले महीनों में कमर्शियल वाहन चलाते समय घातक हादसे करने के आरोप में कई भारतीय ट्रक चालकों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह कार्रवाई अमेरिका में कानून के उल्लंघन और सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे सख्त कदमों का हिस्सा है।