BJP का ‘तृणमूलाइजेशन’ नहीं होगा: बंगाल BJP ने TMC बागियों की एंट्री पर लगाया ब्रेक

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी सियासी उथल-पुथल के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी भी हाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बागी नेताओं को अपने संगठन में शामिल नहीं करेगी।

BJP के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने साफ कहा कि “बीजेपी का तृणमूलाइजेशन नहीं होने दिया जाएगा” और टीएमसी से आए दागी या विवादित नेताओं के लिए पार्टी के दरवाजे बंद हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करते हुए चुनाव में सफलता हासिल की है, इसलिए किसी भी बाहरी या विवादित चेहरे को शामिल करने की कोई योजना नहीं है। उनके अनुसार, “जनता ने टीएमसी के खिलाफ वोट दिया है और हम उसी जनादेश के साथ आगे बढ़ रहे हैं।”

इधर, टीएमसी में अंदरूनी कलह और तेज हो गई है। पार्टी में सिग्नेचर फर्जीवाड़े के आरोपों के बाद दो विधायकों को निष्कासित किए जाने से हालात और बिगड़ गए हैं। इसके बाद कई विधायकों के अलग गुट बनाने और पार्टी नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोलने की चर्चाएं भी तेज हैं।

सूत्रों के अनुसार, करीब 50 टीएमसी विधायक कथित रूप से एक अलग गुट बनाने और विधानसभा में अपनी अलग पहचान को लेकर रणनीति बना रहे हैं। इन विधायकों के एकजुट होने की खबरों ने पार्टी के भीतर विभाजन की आशंका को और मजबूत कर दिया है।

इस बीच, टीएमसी के पूर्व नेता रिजू दत्ता ने भी बड़ा दावा किया है कि पार्टी के भीतर कई विधायक असंतोष में हैं और वे अलग गुट बनाकर अपना दावा मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल में सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं, जहां एक तरफ भाजपा संगठन विस्तार पर ध्यान दे रही है, वहीं दूसरी ओर टीएमसी अपने भीतर बढ़ते मतभेदों से जूझ रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *